- Advertisement -
Ground: मंडी। शिवरात्रि मेले के लिए मंडी में मैदान तैयार किया जाएगा और यह मैदान जरली से विंद्रावणी तक प्रस्तावित टनल से निकलने वाले मलबे से तैयार होगा। राज्य सरकार और मंडी जिला प्रशासन ने इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए हैं।खलियार में ब्यास नदी के किनारे मलबा फेंकने वाली जगह तक सड़क का निर्माण का कार्य भी अंतिम चरण में है। सड़क का इस्तेमाल मलबा फेंकने आने वाले वाहनों के लिए किया जाएगा।
बता दें कि राज्य सरकार और मंडी जिला प्रशासन ऐतिहासिक पड्डल मैदान को व्यवसायिक गतिविधियों से दूर करने के लिए शहर से बाहर एक अन्य मैदान का निर्माण करने जा रहे हैं। यह मैदान खलियार में ब्यास नदी के किनारे बनाया जाएगा। नदी के किनारे मैदान बनाने के लिए भारी मात्रा में मिट्टी और अन्य मलबे की जरूरत थी और अब यह जरूरत टनल निर्माण से निकलने वाला मलबा पूरा करने जा रहा है।
ज्ञात रहे कि कीरतपुर मनाली फोरलेन के लिए मंडी शहर के साथ एक टनल बननी है। ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा के अनुसार टनल का टेंडर हो चुका है और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टनल से जो भी मलबा निकलेगा उसका इस्तेमाल खलियार में मैदान बनाने के लिए किया जाएगा। अनिल शर्मा के अनुसार शहर से बाहर एक अन्य मैदान बनाकर भविष्य में जो भी बड़े आयोजन होंगे, उन्हें वहीं पर ही आयोजित किया जाएगा ताकि पड्डल मैदान को सिर्फ खेलों के लिए ही इस्तेमाल किया जा सके। उल्लेखनीय है कि मंडी शहर में हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन होता है और यह महोत्सव पड्डल मैदान में ही आयोजित होता है।
जिस कारण पड्डल मैदान की हालत काफी दयनीय हो जाती है। इस कारण कई महीनों तक यह मैदान खेलकूद गतिविधियों के लिए बंद रखना पड़ता है। यही कारण है कि अब ऐसे आयोजनों को शहर से बाहर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है और उसके लिए अलग से मैदान बनाने की प्रक्रिया भी कुछ दिनों में शुरू होने जा रही है।
- Advertisement -