- Advertisement -
धर्मशाला। पूर्व परिवहन मंत्री जीएस बाली (GS Bali) ने कहा कि दुनिया के सबसे बडे़ लोकतंत्र में जिस पार्टी ने 60 वर्ष तक राज किया, उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष के बर्थप्लेस को चैलेंज करना ठीक नहीं है। जबकि वो 3 बार एमपी (MP) बन चुके हैं। अब एक नया विवाद शुरू करने का प्रयास हो रहा है। चाहे रिजल्ट कुछ भी न निकले, ऐसी चालें समाज व राजनीतिक पार्टियों के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) का भी बयान भी पढ़ा, जिसकी वह व्याख्या नहीं कर सकते। देवभूमि हिमाचल सरकार के मुखिया होने के नाते ऐसे शब्द उनके मुंह से बिल्कुल अच्छे नहीं लगते हैं। उन्होंने कहा कि मेरी उनको यही सलाह रहेगी कि जो गलती से बोल दिया है, उस गलती में आगे से सुधार करते हुए वही भाषा प्रयोग करें जो संस्कारिक हो और शिष्टाचारी भी हो। पूर्व मंत्री जीएस बाली मीडिया (Media) से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज दिल्ली की सरकार का कर्जा 88 लाख करोड़ हो गया है और राज्य सरकार का कर्जा 50000 करोड़ क्रॉस कर गया है। हर महीने 400- 500 करोड़ का लोन लेकर तनख्वाह दी जा रही है और सरकार चलाई जा रही है। डेढ़ साल से भी कम समय में ही राज्य सरकार 8,000 करोड़ लोन ले चुकी है। उन्होंने कहा कि असल मुद्दा यह है कि जब आप लोन लेकर तनख्वाह दे रहे हैं, तो इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार के लिए क्या पॉलिसी है। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) जैसी देवभूमि में रेप और मर्डर जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि हम चाहेंगे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंसियां सख्ती से पेश आएं। उन्होंने कहा कि चंबा जिला में एक युवक 40 दिन पहले गायब हुआ था। आज उसका शव मिला है। जहां पर डेड बॉडी मिली है, वहां पर पहले सर्च भी की है। इस बारे में जांच होनी चाहिए।
- Advertisement -