- Advertisement -
घुमारवीं। ग्राम पंचायत घंडालवीं के गांव कमलू में हैडपंप में कार्यरत सहायक ऑपरेटर मृत पाया गया है। जानकारी के अनुसार राजकुमार (55) पंप हाउस में रोज की तरह काम करने गया था, लेकिन सुबह उसकी लाश मिली। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घुमारवीं सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद लाश परिजनों को सौंप दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी राजेश कुमार ने की है।
चिंतपूर्णी। समीपवर्ती गांव रेही में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला की लाश मिली है। महिला की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन वह काफी समय से चिंतपूर्णी क्षेत्र में ही घूमती रहती थी। माना जा रहा है कि महिला की मौत ठंड के कारण हुई है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह रेही गांव के लोगों ने पानी की टंकी के साथ एक महिला को बैठी अवस्था में कंबल में लिपटे देखा। उन्होंने फौरन मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा तो महिला की मौत हो चुकी थी। आसपास पूछे जाने पर लोगों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और काफी समय से चिंतपूर्णी क्षेत्र में घूमती रहती थी। डीएसपी देहरा रेणू शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संबंध केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत का कारण ठंड लग रहा है।
ऊना। बंगाणा क्षेत्र के मंदली के समीपवर्ती एक गांव में नाबालिगा ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर पीडि़ता को उपचार के लिए तुरंत ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पूजा ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ निगल लिया। तबीयत बिगड़ता देख परिजन उसे लेकर ऊना अस्पताल पहुंचे। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि पीड़िता को अस्पताल में उपचार दिया गया है। फिलहाल युवती की हालत खतरे से बाहर है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। नाबालिग के परिजनों के बयान भी कलमबद्ध किए जा रहे हैं।
- Advertisement -