हरियाणा कैबिनेट विस्तार : छह कैबिनेट और चार राज्य मंत्रियों ने ली शपथ
Update: Thursday, November 14, 2019 @ 4:50 PM
चंडीगढ़। हरियाणा में सरकार गठन के 17 दिन बाद मंत्रिमंडल विस्तार के तहत गुरुवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने नवगठित 14वें हरियाणा विधानसभा के 10 विधायकों को मंत्री और राज्य मंत्री के रूप में शपथ दिलवाई। इसी के साथ सीएम मनोहर लाल व उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चैटाला सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों की संख्या बढ़कर अब 12 हो गई है। राज्यपाल ने जिन 10 विधायकों को शपथ दिलवाई उनमें 6 विधायकों को कैबिनेट मंत्री तथा 4 विधायकों को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ दिलवाई।
- सबसे पहले अनिल विज ने मंत्रिपद की शपथ ली। पहले अनिल विज स्वास्थ्य और खेल मंत्रालय देख रहे थे।
- अनिल विज के बाद जगाधारी से बीजेपी विधायक कंवरपाल गुर्जर ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। जगादरी से यह तीन बार विधायक रह चुके हैं। पिछली बार यह हरियाणा विधानसभा के स्पीकर थे। इस बार इन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है।
- गुर्जर के बाद बल्लभगढ़ से बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा ने कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली। यह ब्राह्मण समुदाय से आते हैं।
- रानिया से निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला ने ली पद और गोपनीयता की शपथ ली। यह ओम प्रकाश चौटाला के भाई हैं।

- भिवानी के लोहारू से बीजेपी विधायक जेपी दलाल ने ली कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ। यह जाट समुदाय से आते हैं और पहली बार विधायक बने हैं।
- बावल से बीजेपी विधायक बनवारी लाल ने ली पद और गोपनीयता की शपथ। पिछली सरकार में भी मंत्री थे।
- ओमप्रकाश यादव ने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। नारनौल से बीजेपी विधायक हैं। लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। यह राव इंद्रजीत सिंह के करीबी माने जाते हैं। पहली बार मंत्री बन रहे हैं।
- कमलेश ढांडा कलायत से बीजेपी विधायक हैं। वह एकमात्र महिला मंत्री हैं। कमलेश ने बतौर राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ ली।
- अनूप धानक उकलाना विधानसभा सीट से जेजेपी विधायक हैं। उन्होंने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार के रूप में शपथ ली।
- पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह ने राज्यमंत्री पद के रूप में शपथ ली। वह पिहोवा से बीजेपी विधायक हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों का बंटवारा देर शाम को हो सकता है। इसमें सबसे ज्यादा मारामारी होम, राजस्व, टाउन कंट्री, कृषि, सिंचाई, ट्रांसपोर्ट, आबकारी एवं कराधान, उद्योग और वित्त विभाग को लेकर हैं। इन महकमों पर सभी की नजर है।