- Advertisement -
चंडीगढ़। हरियाणवी फिल्मों और प्रदेश की कला व संस्कृति को बड़े पैमाने पर देश और विदेश में बढ़ावा देने के लिये हरियाणा सरकार एक फिल्म नीति तैयार कर रही है। सीएम मनोहर लाल ने पंचकूला में हिन्दी न्यूज चैनल द्वारा आयोजित हरियाणा के हीरोज के अभिनन्दन समारोह में यह जानकारी दी। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री राम बिलास शर्मा तथा वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु भी उपस्थित थे। मनोहर लाल ने कहा कि पिछले लगभग 2 वर्षों के दौरान हरियाणा ने कला, संगीत, संस्कृति, मनोरंजन, कृषि, खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग सहित सभी क्षेत्रों में दिन-दुगुनी रात चौगुनी प्रगति की है। स्वर्ण जयंती वर्ष में सरकार प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करके प्रदेश की प्रगति की जानकारी दे रही है। सीएम ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियों और योगदान के माध्यम से प्रदेश का नाम रोशन करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया। इनमें प्रसिद्ध अभिनेता यशपाल शर्मा और जयदीप अहलावत, पर्वतारोही सुनीता गुज्जर, निर्देशक व निर्माता सतीश कौशिक, हरियाणवी अभिनेता अनूप लाठर, टेलीविजन पर्सनैलिटीज आशुतोष कौशिक और मेघना मलिक, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रतीम रानी सिवाच, ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक, सामाजिक कार्यकर्ता दीपा अंतिल, चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. श्याम सिंगला तथा विभिन्न क्षेत्रों के अन्य महानुभाव शामिल हैं। उन्होंने पं० जगन्नाथ को भी आजीवन उपलब्धि पुरस्कार से सम्मानित किया। प्रसिद्ध गायक सुश्री सोनिया शर्मा और शंकर साहनी ने दर्शकों को अपने मधुर गीतों से मंत्रमुग्ध कर दिया।
- Advertisement -