- Advertisement -
ऊना। अंब मुख्यालय के समीप पेश आए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य युवक गंभीर हालत में है। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अंकुश पुत्र राजिंद्र निवासी नंगल जरियाला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम क्षेत्रीय अस्पताल में करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात अंकुश व उसका चचेरा भाई शुभम अपनी एक्टिवा पर सवार होकर नैहरियां से पक्का परोह की तरफ जा रहे थे। अंब के समीप पहुंचने पर अज्ञात वाहन ने एक्टिवा को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि अंकुश ने मौका पर ही दम तोड़ दिया। जबकि शुभम को गंभीर चोटे पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शुभम को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उपचार जारी है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौका से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल युवक के बयान कलमबद्ध किए जा रहे हैं।
ऊना। संतोषगढ़ पुलिस चौकी के तहत खानपुर में अज्ञात बाइक सवार युवकों ने राहगीर महिला के कानों की बालियां छीनने की वारदात को अंजाम दिया है। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे मौका से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार खानपुर निवासी यमुना देवी रविवार देर सांय खेतों से घास लेकर अपने घर की तरफ आ रही थी कि रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने महिला से जबरन कानों की बालियां छीनने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर युवक महिला के कान से सोने की एक बाली छीनने में सफल रहे।
महिला के शोर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग एकत्रित हुए। स्थानीय लोगों ने युवकों को दबोचने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित महिला के बयान कलमबद्ध करने शुरू कर दिए हैं। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौर रहे कि जिला में स्नेचिंग के मामले बढ़ने शुरू हो गए हैं। अभी हाल ही में ऊना मुख्यालय पर टक्का रोड पर भी अज्ञात बाइक सवार युवकों ने राहगीर युवती का पर्स छीनने की वारदात को अंजाम दिया है।
- Advertisement -