-
Advertisement
Corona इन India: अब तक 392 की मौत, पिछले 24 घंटे में आए 1076 नए मामले
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) का कहर जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी बुधवार शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, भारत (India) में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 11933 हो गई है। इनमें से 1344 लोग ठीक/डिस्चार्ज/माइग्रेट हुए हैं जबकि 10197 सक्रिय मामले हैं। इसके साथ ही देश में इस संक्रमण से अब तक 392 लोगों की मौत हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना वायरस के 1076 नए मामले सामने आए हैं और 270 लोग रिकवर हुए हैं।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि भारत में कोरोना से ठीक होने की दर 11.41% है और अब तक 1306 लोग रिकवर हुए हैं। देश में कोरोना संकट के चलते लॉकडाउन की अवधि 3 मई तक बढ़ाई जा चुकी है। यानि पाबंदियां अभी 19 दिन और जारी रहेंगी। इसका ऐलान पीएम नरेंद्र मोदी ने कल किया। लव अग्रवाल ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देशभर में कोरोना के मामलों के अनुसार इलाकों को कई जोन में बांटा जाएगा। जिलों को 3 कैटिगरी में बांटा जाएगा- हॉटस्पॉट जिले, नॉन हॉटस्पॉट जिले और ग्रीन जोन जिले। राज्यों के चीफ सेक्रटरी, डीजीपी, हेल्थ सेक्रटरी, डीएम, एसपी आदि के साथ कैबिनेट सेक्रटरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। लव अग्रवाल ने कहा कि इसमें हॉटस्पॉट पर चर्चा हुई और जमीनी स्तर पर कंटेनमेंट की रणनीति को लेकर बात हुई। हॉटस्पॉट 170 जिले हॉटस्पॉट घोषित किए जाएंगे, नॉन-हॉटस्पॉट जिले 207 हैं।
