- Advertisement -
शिमला। हिमाचल में जल्द महिलाओं के लिए हेल्पलाइन शुरू होगी। यह घोषणा सीएम वीरभद्र सिंह ने आज विश्व महिला दिवस पर शिमला के गयेटी थिएटर में महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मदद एवं किसी भी तरह की समस्या में आवश्यकता पड़ने पर एक हेल्पलाइन शुरू होगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर महिलाएं 181 पर कॉल करके मदद ले सकती हैं।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के लिए यह सुविधा बहुत जल्द शुरू हो जाएगी। सीएम ने महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि आज प्रदेश व देश में महिलाएं पुरुषों की बराबरी पर हैं और कुछ क्षेत्रों में आगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
राज्य को बाह्य शौच मुक्त बनाने में महिलाओं की अहम भूमिका
हिमाचल प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि राज्य ने देश के बड़े राज्यों में सबसे पहले बाह्य शौच मुक्त बनने का पुरस्कार प्राप्त किया। स्वच्छता व स्वास्थ्य से जुड़े इस महान यज्ञ में राज्य की महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है। यह बात ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव ओंकार शर्मा ने आज शिमला के समीप मशोबरा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस तथा स्वच्छ शक्ति सप्ताह के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में विकास खंड मशोबरा से आई महिलाओं को संबोधित करते हुए कही। ओंकार शर्मा ने कहा कि प्रदेश की कठिन भौगोलिक परिस्थितयों के बावजूद विकास और सामाजिक सरोकार के लक्ष्यों को हासिल करना बेशक बड़ी चुनौती है, लेकिन यहां की महिलाएं सशक्त, परिश्रमी एवं कर्तव्यपरायण हैं और किसी भी कार्य को लग्न एवं इमानदारी से करती हैं, जिसके परिणामस्वरूप हम प्रत्येक लक्ष्य को सहज ही हासिल कर पाने में कामयाब होते हैं। महिलाओं की समाज के प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के चलते आज सामाजिक व आर्थिक परिवेश में बड़ा बदलाव आया है और प्रदेश ने विकास के अनेक मील पत्थर स्थापित किए हैं। प्रधान सचिव ने इस अवसर पर महिला मंडल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत स्वच्छता कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले महिला मंडलों को सम्मानित भी किया।
- Advertisement -