- Advertisement -
himachal Achievement Across Country : शिमला। सार्वजनिक मामले सूचकांक (पीएआई)-2017 पर किए गए सर्वेक्षण के आधार पर देश के छोटे राज्यों (दो करोड़ से कम आबादी वाले) की श्रेणी में हिमाचल को प्रथम स्थान पर आंका गया है। पब्लिक अफेयर सेंटर द्वारा यह सर्वेक्षण भारत के समूचे राज्यों में शासन की गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के लिए किया गया है और यह सेंटर एक गैर-राजनीतिक व गैर-लाभकारी प्रबुद्ध संस्था है, जो वर्ष 1994 में स्थापित की गई थी। हि.प्र. प्रशासनिक सुधार की सचिव पूर्णिमा चौहान ने हिमाचल प्रदेश की ओर से यह पुस्कार प्राप्त किया।
भारतीय सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एमएन वेंकटाचलईया व पब्लिक अफेयर सेंटर के अध्यक्ष एवं कर्नाटक के पूर्व लोकायुक्त न्यायमूर्ति एन. संतोष हेगड़े ने बैंगलुरू में आयोजित कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्रदान किया। कार्यकारी मुख्य सचिव तरूण श्रीधर और पूर्णिमा चौहान ने सीएम वीरभद्र सिंह को आज यहां यह पुरस्कार सौंपा। सीएम ने विभिन्न क्षेत्रों विशेषकर कल्याण, स्वास्थ्य व शिक्षा में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस पुरस्कार का श्रेय राज्य सरकार के उच्च स्तरीय अधिकारियों तथा कर्मचारियों को दिया, जिन्होंने शासन के क्षेत्र में अपेक्षित उद्देश्यों को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पीएआई एक डाटा चालित मंच है, ने 26 फोकस विषयों, 82 सूचकों तथा 10 विषयों के आधार पर शासन के लिए देश के 30 राज्यों का मूल्यांकन किया, जिसमें सांस्कृतिक, सामाजिक तथा राजनीतिक तौर पर विविध क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रत्येक पहलू को शामिल कर इसका आंकलन किया गया।
- Advertisement -