-
Advertisement
Himachal Cabinet important decisions
Last Updated on July 30, 2020 by Sintu Kumar
शिमला। सीएम जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई है। इस बार तीन नए मंत्री भी कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए। कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। बैठक में जल शक्ति विभाग में जेई के 56 पद भरने की स्वीकृति दी है। यह पद सीधी भर्ती के आधार पर भरे जाएंगे। इसमें जेई (सिविल) के 30, जेई (मैकेनिकल) के 20 और जेई (इलेक्ट्रीकल) के 6 पद शामिल हैं। इसके अलावा डीसी ऑफिस कुल्लू व चंबा में स्टेनोटाइपिस्ट और चालक के पद भरने को भी मंजूरी प्रदान की है। कैबिनेट की बैठक में करुणामूलक आधार पर मिलने वाली नौकरी को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है। नौकरी के दौरान मृत्यु हो जाने पर कर्मचारी के बच्चों को नौकरी दी जाती है। क्लास थ्री में क्लर्क की नौकरी देने का प्रावधान था, लेकिन अब क्लर्क की जगह जेओए के पद भरे जा रहे हैं। ऐसे में अब पॉलिसी को बदल कर जेओए के पदों पर भी नियुक्ति दी जाएगी। यह करूणामूलक आधार पर नौकरी पाने वालों के लिए बड़ी राहत है। कैबिनेट ने सीवरेज टैक्स में भी कमी करने को स्वीकृति दी है। पहले पानी के बिल का पचास फीसदी सीवरेज टैक्स लिया जाता था, लेकिन अब 30 फीसदी लिया जाएगा। इसके अलावा कंस्ट्रक्शन बोर्ड के पास रजिस्ट्रर मजदूरों को दो हजार की तीसरी किश्त जारी करने को भी हरी झंडी मिल गई है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई और शादी के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता में भी बढ़ोतरी की है।