- Advertisement -
himachal congress : दिल्ली। चुनावी वर्ष की चौखट पर खडे़ हिमाचल में कांग्रेस अब संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने के लिए एक नया फार्मूला अपनाने जा रही है। फार्मूले के तहत पार्टी प्रदेशभर के 17 संगठनात्मक जिलों में एक-एक सेक्रेटरी ऐसा रखेगी जोकि ऑन पेमेंट काम करेगा। प्रपोजल के हिसाब से उसे हर माह दस हजार रुपए देय होंगे।
उसके जिम्मे पार्टी की तमाम गतिविधियों का संचालन करना होगा। वह संबंधित जिला के अध्यक्ष के साथ समन्वय बिठाकर काम करेगा, उसके बाद पूरी रिपोर्ट पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष को करेगा। हालांकि, अभी तक इस बाबत पार्टी ने आधिकारिक स्वीकृति प्रदान नहीं की है पर सैद्धांतिक तौर पर इसे मान लिया गया है।
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू दो दिन पहले तक दिल्ली में थे। इस दौरान उनकी पार्टी प्रभारी अंबिका सोनी सहित दूसरे नेताओं से इस विषय पर चर्चा हो चुकी है। पार्टी इस फार्मूले को इससे पहले दूसरे राज्यों में भी अमल में ला चुकी है। अब इसे हिमाचल में भी अमल में लाने की तैयारी है। इस व्यवस्था के तहत जो सेक्रेटरी रखे जाएंगे वह कांग्रेसी विचारधारा से ही जुडे़ होंगे, बस फर्क यह होगा कि वह पार्टी गतिविधियों तक ही सीमित रहेंगे। न ही तो वह टिकटार्थी होंगे न ही इसमें किसी तरह की दखलअंदाजी करेंगे। उनका काम फीडबैक से लेकर संगठन की मजबूती तक ही रहेगा।
- Advertisement -