Home»हिमाचल» धर्मशाला में केंद्र सरकार के खिलाफ गरजी Congress, महंगाई पर घेरा
धर्मशाला में केंद्र सरकार के खिलाफ गरजी Congress, महंगाई पर घेरा
Update: Saturday, May 12, 2018 @ 10:10 AM
- Advertisement -
धर्मशाला।प्रदेश कांग्रेस ने यहां मोदी सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। कांग्रेस ने महंगाई को लेकर प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में रोष रैली निकाली। केंद्र के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह ने कहा कि बीजेपी ने सत्ता में आने के लिए जनता से कई वादे किए थे। लेकिन, चार साल बीत जाने के बाद भी कोई वादा पूरा नहीं हो पाया है।
यही हाल प्रदेश सरकार का भी है। प्रदेश सरकार भी अपने चार महीने के कार्यकाल में कुछ नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि आज महंगाई चरम पर है। रसोई गैस के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल और डीजल के दामों में भी आग लगी है। सुक्खू ने कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब रसोई गैस की कीमत 5 सौ रुपये से कम थी। बीजेपी सरकार के शासनकाल में सिलेंडर की कीमत साढ़े सात सौ के पार पहुंच गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार कच्चे तेल की कीमतों पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है। जिसके कारण तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने के लिए युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। लेकिन, युवाओं को निराशा हाथ लगी है।
कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि चार माह में प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ा है। लगभग 65 के करीब बलात्कार और 25 मर्डर हो चुके हैं। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। इतने अपराध बढ़ना सरकार की नाकामी को दर्शाता है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में एकदम से अपराधों का बढ़ना देवभूमि को शर्मसार कर रहा है। इस मौके पर पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, पूर्व विधायक अजय महाजन, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, केवल सिंह पठानिया व रघुवीर सिंह बाली आदि मौजूद थे।