- Advertisement -
Ambika Soni : नई दिल्ली। हिमाचल कांग्रेस की प्रभारी अंबिका सोनी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अंबिका सोनी ने पार्टी को पहले ही इसके बारे अवगत करवा दिया था लेकिन पार्टी ने उन्हें अगले प्रभारी की नियुक्ति तक पद पर बने रहने के लिए कहा था। अंबिका सोनी ने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रभारी के पदे से भी इस्तीफा दे दिया है। अंबिका के पास हिमाचल के साथ-साथ उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर का भी प्रभार था। हालांकि अभी तक संगठन ने अंबिका सोनी का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है।
इस फैसले से सीएम वीरभद्र सिंह खेमे ने जरूर राहत की सांस ली होगी। क्योंकि अंबिका सोनी को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खेमे से जोड़कर देखा जाता रहा है। हिमाचल सरकार और संगठन के बीच की तकरार को खत्म करने में अंबिका सोनी ने हमेशा अहम भूमिका निभाई है। जब भी वीरभद्र सिंह और सुक्खू के बीच तनातनी बढ़ जाती तो अंबिका दोनों के बीच मध्यस्तता कर देती थी। हालांकि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने अंबिका सोनी के इस्तीफा देने की खबर को नकार दिया है।
गौर हो कि हिमाचल में आगामी कुछ महीनों में चुनाव भी होने जा रहे हैं। एेसे में कांग्रेस जल्द ही प्रदेश में नए प्रभारी की नियुक्ति करना चाहती है। इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि पूर्व केंद्रीय सुशील कुमार शिंदे हिमाचल कांग्रेस के आगामी प्रभारी हो सकते हैं। हालांकि इसे लेकर कोई आदेश अभी तक नहीं हुए हैं, लेकिन सूत्र बताते हैं कि शिंदे का नाम हिमाचल प्रभारी के रूप में प्रमुखता से चल रहा है। शिंदे पहले भी हिमाचल के प्रभारी रह चुके हैं। वे यहां की राजनीति को भी समझते हैं और प्रदेश में कई हिस्सों का दौरा कर चुके हैं। वहीं, गुजरात में कांग्रेस के अंदर घमासान सतह पर आ गया है। गुजरात में कांग्रेस के नेता शंकर सिंह वाघेला ने बगावती सुर छेड़ दिए हैं।
यह भी पढ़ें : Mankotia ने भरी चुनावी हुंकार, पहले दिन ही Virbhadra रहे…
- Advertisement -