- Advertisement -
शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने शिमला का नाम बदलने के बयानों पर तीखा कटाक्ष किया।इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सीएम शिमला का नाम बदलने की बजाय राजधानी के हालात बदलने का प्रयास करें।सुक्खू ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुके शिमला का नाम बदलने से इसके पर्यटन को नुकसान होगा। बीजेपी के सत्ता में आने के बाद वैसे भी पर्यटन चौपट हो गया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर शिमला का नाम बदलने की कोशिश की गई तो कांग्रेस एक बड़ा आंदोलन छेड़ेगी, जिसमें स्थानीय लोगों को भी शामिल किया जाएगा।
सुक्खू ने कहा कि जयराम सरकार को शिमला की जल, पार्किंग व यातायात समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए काम करना चाहिए। शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त खामियों को दूर करने के लिए कदम उठाने चाहिए। सुक्खू ने बीजेपी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला निकल चुका है। हत्या व बलात्कार के मामले बढ़े हैं।
हाल ही में 24 फीसदी किराया बढ़ाकर जनता पर भारी बोझ डाला गया है। इससे लोगों में भारी आक्रोश है। महंगाई ने जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देते नहीं बन रहा, इसलिए जनता को बरगलाने के लिए नए-नए तरीके निकाले जा रहे हैं। शिमला का नाम शयमला करने का जयराम सरकार का मंसूबा कांग्रेस कभी पूरा नहीं होने देगी।
- Advertisement -