-
Advertisement
हिमाचल कांग्रेस ने कुमारसेन में अडानी के सीए स्टोर के बाहर किया प्रदर्शन
Last Updated on September 1, 2021 by Deepak
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार गिरते जा रहे सेब के दामों पर कांग्रेस पिछले कुछ समय से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अगुवाई में कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने कुमारसेन के बिथल स्थित अडानी कोल्ड स्टोर के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि हजारों बागवानों को दिल्ली के आढ़तियों की लूट से बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकाल में अडानी को सस्ते दामों पर सीए स्टोर लगाने की अनुमति दी थी, लेकिन आज अडानी प्रदेश सरकार की लगाई गई शर्तों और एग्रीमेंट के विपरीत कार्य कर रहा है।
यह भी पढ़ें:कैमरे के सामने सेब को लेकर बागवान मंत्री महेंद्र सिंह ने दिया ये ज्ञान
राठौर ने चेताया कि यदि जल्द ही बागवानों से हो रही लूट पर पाबंदी नहीं लगाई गई तो प्रदेश स्तर पर एक बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा। राठौर ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर खुद को बागवान समझते हैं लेकिन वो बागवानों का दर्द नहीं समझ पाते। जिन मंत्री के पास बागवानी विभाग है वो अलग ही राग अलापते हैं। उनको बागवानों की कोई चिंता ही नहीं है। राठौर ने आनी कांग्रेस के पदाधिकारियों से आह्वान किया है कि आनी में होने वाले जनमंच में पहुंचने वाले मंत्री का काले झंडे दिखाकर विरोध जताएं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…