-
Advertisement
पूर्व मंत्री मोहन लाल का निधन, चुराह के रहे हैं विधायक- जयराम ने जताया दुख
Last Updated on April 2, 2021 by Vishal Rana
चंबा। पूर्व मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता मोहन लाल (Himachal Former Minister Mohan Lal) का निधन हो गया है। उन्होंने जालंधर (Jalandhar) के एक निजी अस्पताल (Private Hospital) में अंतिम सांस ली। मोहन लाल पिछले 15 दिन से बीमार चल रहे थे। इसके चलते उन्हें जालंधर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। आज उनके निधन का समाचार प्राप्त हुआ है। मोहन लाल का अंतिम संस्कार कल राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) ने पूर्व मंत्री मोहन लाल के निधन पर दुख जताया है। ट्वीट कर उन्होंने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन लाल के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें। चुराह क्षेत्र के विकास के लिए उनका अहम योगदान रहा है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने भी पूर्व राज्य मंत्री मोहन लाल के निधन पर शोक व्यक्त किया। राज्यपाल ने अपने शोक सन्देश में कहा कि मोहन लाल को उनके समाज कल्याण की दिशा में किए गए कार्यों और योगदान के लिए सदैव याद रखा जाएगा। इस अपूर्णीय क्षति के लिए उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
यह भी पढ़ें: Himachal: जमीनी विवाद में जान गंवाने वाले ITBP जवान का राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल, पूर्व सीएम शांता कुमार, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन राणा, सांसद किशन कपूर, इंदू गोस्वामी, विधान सभा उपाध्यक्ष हंसराज सहित सभी मंत्रियों, विधायकों, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल सहित समस्त पदाधिकारियों एवं बीजेपी कार्यकर्ताओं, जिलाध्यक्ष चंबा डीएस ठाकुर ने चुराह से पूर्व विधायक एवं पूर्व आयुर्वेदिक मंत्री मोहन लाल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि मोहन लाल 1990 में शांता कुमार सरकार में आयुर्वेदिक मंत्री थे। उन्होंने कहा कि मोहन लाल संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष रहे और उन्होंने पार्टी के प्रति अपने सभी दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक किया था। मोहन लाल के निधन से समस्त बीजेपी परिवार शोकाकुल है। बीजेपी नेताओं ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे व परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री मोहन लाल जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति व शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।
चुराह क्षेत्र के विकास के लिए उनका अहम योगदान रहा है।
— Jairam Thakur (@jairamthakurbjp) April 2, 2021
बता दें कि मोहन लाल ने जनता पार्टी की टिकट पर 1977 में चंबा (Chamba) के राजनगर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था और जीते थे। राजनगर अब चुराह विधानसभा क्षेत्र है। 1985 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 1990 में उन्होंने फिर जीत दर्ज की और शांता की कैबिनेट में आयुर्वेदिक मंत्री बने। 1993 के चुनाव में वह फिर हार गए और 1998 में उन्होंने जीत दर्ज की। 2003 और 2008 में लगातार दो बार उन्हें कांग्रेस के सुरिंद्र भारद्वाज के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा। इसके बाद 2012 में उनकी टिकट काटकर हंसराज को बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया। उसके बाद से ही मोहन लाल सक्रिय राजनीति से दूर थे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group