- Advertisement -
शिमला। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा है कि इस पहाड़ी प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। सीएम जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) के गृह जिला में ही बुजुर्ग महिला के साथ हुई अमानवीय घटना ने कानून व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खोलकर रख दी है। ऐसे घृणित कार्य तभी सामने आते हैं, जब सत्ता की चाबी कमजोर लोगों के पास हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्षों पुरानी पार्टी है जिसका अपना इतिहास रहा है तथा अब जब देश खतरे में हैं तथा लोकतंत्र को तहस-नहस करने वाली शक्तियां सामने हैं तो कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से इन शक्तियों के खिलाफ झंडा बुलंद कर रही है।
उन्होंने एक बयान में कहा है कि इसी के चलते कांग्रेस (congress) द्वारा प्रत्येक जिला में जन आक्रोश रैलियों का आयोजन किया जा रहा है तथा इसी कड़ी में कल यानी 14 नवंबर को शिमला में रैली होगी। इन रैलियों में सरकार को बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था व निम्र स्तर तक पहुंच चुकी अर्थव्यवस्था के प्रति जगाया जा रहा है। प्याज सहित अन्य सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि रैलियों के दौरान जनता का मिल रहा अपार समर्थन इस बात की ओर इशारा कर रहा है कि बीजेपी की सरकारों से जनता भी हताश व निराश हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह पहले चरण की रैलियां थीं तथा अब व्यापक स्तर पर जन आंदोलन छेड़ने की भी तैयारी है।
- Advertisement -