- Advertisement -
शिमला। दिल्ली स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय की तरह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कार्यालय शिमला (Congress Office Shimla) में भी हर रोज पार्टी का झंडा फहराया जाएगा। इसकी शुरुआत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर (Kuldeep Singh Rathore) ने आज से कर दी है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है। कांग्रेस ने देश की आजादी में अपनी अहम भूमिका अदा की है और पार्टी से जुड़े लोगों ने देश के लिए कुर्बानियां भी दी हैं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में झंडा फहराने से पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के इतिहास की याद आती रहेगी और पार्टी के प्रति लोगों के मन में सम्मान और अनुभूति पैदा होगी।
कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि कांग्रेस पार्टी बहुत जल्द ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कर देगी। पार्टी ने जो सभी विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक अध्यक्ष की नियुक्ति की रिपोर्ट (Report) भेजने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है, उसमें से 50 पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट भी पार्टी कार्यालय में भेज दी है बाकी भी जल्द ही भेज देंगे। कांग्रेस पार्टी (Congress party) ने पहली बार आम कार्यकर्ता से राय लेकर ब्लॉक अध्यक्ष को चुनने की पहल की है जिससे कार्यकर्ता को पार्टी के प्रति अपनापन महसूस होगा जिसकी कांग्रेस को जरूरत है।
- Advertisement -