- Advertisement -
दयाराम कश्यप, सोलन। मलेशिया के पिनांग शहर में चल रही एशिया पैसिफिक मास्टर गेम्स प्रतियोगिता-2018 में हिमाचल के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इंडिया टीम के मैनेजर और नेशनल मास्टर गेम्स के महासचिव विनोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन जहां कल्पना परमार ने 40 प्लस आयु वर्ग के 5000 मीटर दौड़ में ब्रांज मेडल जीता था, वहीं दूसरे दिन सिरमौर की सुदेश चौधरी ने 65 प्लस आयु वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
45 प्लस आयु वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में सिरमौर की सीमा परमार ने चौथा स्थान हासिल किया। इसी प्रकार पांवटा साहिब के रामपाल ने 50 प्लस हाई जंप में चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा सुदर्शन कुमार कांगड़ा ने 50 प्लस आयु वर्ग में 100 मीटर बाधा दौड़ में चौथा और राजेंद्र कुमार ने 55 प्लस हाई जंप मुकाबले में चौथा स्थान हासिल किया है।
इसी प्रकार प्रतियोगिता के दूसरे दिन हॉकी मुकाबले में टीम इंडिया ने मलेशिया को एक रोमांचक मैच में 4-1 से शिकस्त दी। इंडिया की टीम में मलेशिया पर शुरू से ही अपनी पकड़ मजबूत रखी। टीम की ओर से यशपाल राणा ने 1, दर्शन सिंह ने 1 और जसविंद्र सिंह ने 2 गोल दागकर मुकाबले को एक-तरफा कर दिया। हॉकी इंडिया टीम की कमान हिमाचल के चमन लाल के हाथ में है। इसके अलावा टीम में हिमाचल के नरेंद्र कुमार, दर्शन सिंह, सोमनाथ व यशपाल राणा टीम के सदस्य हैं।
- Advertisement -