- Advertisement -
सुरेश कुमार/कांगड़ा। हिमाचल अभी अभी के मुख्य कार्यालय पहुंचे सीएम वीरभद्र सिंह शायराना अंदाज में दिखे। उन्होंने एक कवि की मशहूर पक्तियां कहकर मिशन रिपीट की हुंकार भरी। सीएम वीरभद्र सिंह ने कहा कि मुद्दई लाख बुरा चाहे तो होता क्या है, होता वही है जो मंजूरे खुदा होता है। इसके बाद उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हिमाचल की जनता की भावनाएं देखकर भगवान इस बार कांग्रेस को सातवीं बार सरकार बनाने का आर्शीवाद देंगे। उन्होंने कहा कि वह गांव-गांव का दौरा कर रहे हैं और लोग कांग्रेस को समर्थन देने के लिए आगे आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि कौन झूठे वादे करते हैं या झूठे वादे कर काम नहीं करते हैं और कौन वादों से ज्यादा काम करते हैं। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में वादों से ज्यादा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनाव आने पर नया हिमाचल, पुराना हिमाचल या फिर ऊपर के पहाड़-नीचे के पहाड़ का प्रश्न उठाते थे, वे लोग आज अहमियत नहीं रखते हैं। उन्होंने हिमाचल अभी अभी के माध्यम से हिमाचल की जनता को संदेश देते हुए कहा कि हिमाचल के लोगों को आगे बढ़ाना है। नीतियों का पालन करते हुए विकास के पथ पर अग्रसर होना है। हिमाचल एक है और एक ही रहेगा। वहीं उन्होंने पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के उस बयान जिसमें उन्होंने कहा था कि जब भी शिमला में कोई आपदा आती है तो सीएम कांगड़ा का रुख कर लेते हैं के संदर्भ में हिमाचल अभी अभी से कहा कि जब पहली बर्फबारी हुई तो वह शिमला में थे और दिल्ली से शिमला पहुंचे थे।
पहली बर्फबारी में सड़क मार्ग बंद हुए थे और बिजली व पानी की व्यवस्था चरमराई थी। उनकी देखरेख में ही मार्गों को खोलने आदि का काम हुआ था। कांग्रेस के चार सालों में राजस्व मुनाफा 39 करोड़ होने के धूमल के बयान पर भी उन्होंने टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि धूमल पता नहीं कहां से आंकड़े लाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को मुनाफा बढ़ रहा है। विकास के काम हो रहे हैं। कृषि व बागवानी आदि से शुद्ध आय बढ़ी है। सरकार की इनकम घटी नहीं है, बल्कि बढ़ी है।
- Advertisement -