अंब में कांग्रेस सेवा दल ने निकाली तिरंगा यात्रा, मुकेश भी रहे मौजूद
Update: Monday, May 6, 2019 @ 9:16 PM
ऊना। प्रदेश कांग्रेस सेवा दल (Congress Seva Dal) ने सोमवार को अंब में तिरंगा यात्रा (Tiranga Yatra) निकाली। तिरंगा यात्रा की अध्यक्षता सेवादल के प्रदेशाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने की, जबकि नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री (Mukesh Agnihotri) भी इस यात्रा में विशेष रूप से मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा अंब के ऊना रोड़ पर स्थित अंबेडकर भवन के समाने से शुरू हुई और अंब चौक से होते हुए कॉलेज से वापस अंब रोड़ पर स्थित सभा स्थल पर पहुंची।

कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग शर्मा (Anurag Sharma) ने कहा कि सेवादल द्वारा प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं करने का कार्यक्रम बनाया था। सोलन, मंडी और कांगड़ा में तिरंगा यात्राएं पहले ही की जा चुकी हैं, इसके बाद हमीरपुर संसदीय में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा का मुख्य मकसद, जहां कांग्रेस की विचारधाराओं को आम लोगों तक पहुंचाना है, वहीं सेवा दल के कार्यकर्ता मोदी सरकार की 5 साल की नाकामियों को भी लोगों तक पहुंचाना है। अनुराग शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार (Modi Government) ने देश को धर्म व जाति के नाम पर बांटने के लिए कटरपंथी विचारधारा को बढ़ाने का काम किया है।

मोदी सरकार के राज में देश में हर समय डर का माहौल बना रहा। मोदी सरकार का पिछले 5 साल का कार्यकाल बहुत ही निराशाजनक रहा है। इस बार के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) में कांग्रेस सेवादल अहम भूमिका निभाने वाला है। इस मौके पर महिला कांग्रेस सेवादल की प्रदेशाध्यक्ष ज्योति खन्ना, यूथ ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू, जिलाध्यक्ष राजपाल शर्मा सहित हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस सेवादल के जिला व ब्लॉकों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।