-
Advertisement
मोस्ट इंप्रूव्ड बिग स्टेट्स इन हेल्थ सर्वे में हिमाचल को मिला पहला स्थान
Last Updated on December 2, 2021 by admin
शिमला। देश की एक प्रतिष्ठित मीडिया समूह द्वारा जारी मोस्ट इम्प्रूव्ड बिग स्टेट्स इन हेल्थ सर्वे में हिमाचल प्रदेश को देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। सीएम जयराम ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग और प्रथम पंक्ति के योद्धाओं को बधाई दी है।उन्होंने कहा कि राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश ने शत-प्रतिशत पात्र नागरिकों को कोविड का पहला टीका लगाया है। वहीं, जल्द ही कोरोना की दूसरी डोज भी सभी को लगा दी जाएगी। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में दस हजार ऑक्सीजन बिस्तर, 1,014 वेंटिलेटर और 80 मीट्रिक टन प्रतिदिन ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित की है।
यह भी पढ़ें: स्वास्थ्य क्षेत्र में हिमाचल बना नंबर वन राज्य, सीएम ने कोरोना योद्धाओं को दी बधाई
प्रदेश सरकार द्वारा 32 स्थानों पर नए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए और 2700 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध करवाए गए हैं। कोरोना पॉजिटिव मामलों का पता लगाने के लिए एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चलाया गया। वहीं, 683 आइसोलेशन व क्वारंटाइन संस्थानों में 32,361 बिस्तर की व्यवस्था की गई।सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार के अथक प्रयासों के कारण हिमाचल प्रदेश को स्वास्थ्य सूचकांको में प्रथम आंका गया है।