- Advertisement -
मंडी। छोटी काशी मंडी में देश के एक हजार पहलवान आपस में भिड़ने जा रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में पहली बार कुश्ती की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। यह जानकारी हिप्र कुश्ती संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ संजय यादव ने मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि कुश्ती प्रतियोगिता में लड़कों की 39वीं तथा लड़कियों की 22वीं जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन मंडी शहर के स्पोर्टस काम्पलेक्स में 4 से 6 मार्च तक होने जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों से 30-30 पहलवान भाग लेंगे।
कुल मिलाकर एक हजार पहलवान इस प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगे। डॉ यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में 4 मार्च को ग्रीको रोमन के मुकाबले करवाए जाएंगे जबकि 5 मार्च को लड़कियों की कुश्तियां और 6 मार्च को फ्री-स्टाइल के मुकाबले होंगे। इन प्रतियोगिताओं से चयनित होने वाले प्रतिभागियों को एशियन और ओलंपिक गेम्स में भाग लेने का मौका दिया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 4 मार्च को सीएम जयराम ठाकुर करेंगे जबकि 6 मार्च को जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर इसका समापन करेंगे। वहीं 5 मार्च को जस्टिस धर्म चंद चौधरी भी प्रतियोगिता देखने मंडी आएंगे।
- Advertisement -