- Advertisement -
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (Himachal Pradesh University) सहित प्रदेश के कुल 17 महाविद्यालयों को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा-2) के तहत कुल 27 करोड़ रुपए का ग्रांट (Grant) जारी किया जाएगा। अगले सप्ताह तक इस ग्रांट को जारी कर दिया जाएगा। मानव संसाधन एवं विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) की तरफ से मार्च महीने में ही ग्रांट को मंजूरी दे दी गई थी। इस ग्रांट के तहत हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय को 10 करोड़ और 17 कॉलेजों (Colleges) को क्रमशः 1-1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसके लिए सारी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं। इससे पहले लॉकडाउन के चलते इस ग्रांट के आवंटन का कार्य कई दिनों से अटका हुआ था।
एमएचआरडी द्वारा जारी किए जाने वाले ग्रांट के इन पैसों को कॉलेजों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और उपकरणों की खरीद करने पर खर्च किया जाएगा। बता दें कि राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के तहत ग्रेड के आधार पर कॉलेज और विश्वविद्यालयों को ग्रांट जारी किया जाता है। वहीं जिन कॉलेजों को 1-1 करोड़ जारी किए जा रहे हैं, वे सभी बी-ग्रेड हैं। इन्हें कुल 2-2 करोड़ का बजट मिलेगा। वहीं पहले दिए जा रहे 1 करोड़ रुपए का 75 फीसद खर्च करने के बाद 1-1 करोड़ रुपए और जारी किए जाएंगे।
इस ग्रांट आवंटन के विषय में आधिक जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि रूसा-2 के तहत ग्रेड के आधार पर ग्रांट जारी की जाती है। परिषद ने कॉलेजों का ग्रेड सुधारने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रधानाचार्यों को बताया गया कि किस तरह नैक की ग्रेडिंग के लिए आवेदन करना है। कार्यशाला में नैक से भी सदस्यों को बुलाया गया था। इस आधार पर कॉलेजों का ग्रेड सुधारा गया। इसके बाद केंद्र ने इन कॉलेजों को ग्रांट जारी की है। सी ग्रेड वाले कॉलेज ग्रांट के लिए अपात्र हो जाते हैं।
- Advertisement -