-
Advertisement
Himachal Weather: हफ्ते भर होगी बारिश; कांगड़ा समेत 10 जिलों में अंधड़ का अलर्ट
Last Updated on June 20, 2020 by Deepak
शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में मानसून के दस्तक देने की तारीख अब बेहद ही नजदीक आ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा सूबे के अधिकांश हिस्सों में पूरे एक हफ्ते बारिश (Rain) होने का अनुमान जताया है। विभाग द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के मुताबिक सूबे में 20 जून से लकर 26 जून तक मौसम (Weather) खराब रहेगा। हालांकि मौसम में आने वाली इस तबदीली से प्रदेश की जनता को गर्मी से राहत जरूर मिल जाएगी। इसके अलावा मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के 10 जिलों में 3 दिन अंधड़ चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
जानें किन-किन जिलों में जारी किया गया अंधड़ का अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर के लिए अंधड़ का येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा सूबे के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में 22, 23 और 24 जून को 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में शनिवार को प्री-मानसूनी बरसात होगी और तय समय से दो दिन पहले 23 जून को मानसून पहुंचने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। पिछले 10 साल में ऐसा तीसरी बार हो रहा है जब मानसून समय से पहले पहुंचेगा। इससे पहले 2013 में 15 जून को मानसून ने दस्तक दी थी।
यह भी पढ़ें: विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार को युवाओं ने खोला मोर्चा, दुकानों में बांटे Pamphlet
23 जून के लिए विभाग ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि शनिवार से प्री-मानसूनी बरसात भिगोएगी। हालांकि अभी तक सूबे के किसी भी इलाके में बारिश होने की जानकारी हमतक नहीं पहुंची है। इससे पहले शुक्रवार को धर्मशाला समेत प्रदेश के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 23 जून के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच प्रदेश में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। पिछले 10 सालों में मॉनसून सामान्य से कम बरसा है। 2018 में प्रदेश में 927 मिमी बारिश हुई थी जो सामान्य से 12% अधिक रही है।