-
Advertisement
Himachal Weather: एक बार फिर करवट लेगा मौसम, दो दिन आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
Last Updated on April 24, 2020 by
शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) का मौसम एक बार फिर बिगड़ने वाला है। 21 अप्रैल को प्रदेश में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि के बाद अब अगले दो दिन तक प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि (Hail storm) और आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र पूरे प्रदेश में 25 से 28 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के आसार जताते हुए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 अप्रैल को प्रदेश के छह जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इससे पहले, 25 अप्रैल को भी प्रदेशभर में मौमस खराब बना रहेगा और बारिश के आसार हैं। 28 अप्रैल को केवल मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में ही बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग द्वारा चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। केलांग में न्यूनतम तापमान 1.1, कल्पा में 3.6, मनाली में 5.6 और शिमला में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नाहन में प्रदेश में सबसे अधिक 16.9 और ऊना में 15.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।