-
Advertisement

हिमाचल विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, 110 फीसदी रही उत्पादकता, आठ बिल हुए पास
Himachal Budget session: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की कार्यवाही आज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने बजट सत्र समाप्ति के साथ ही विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी। बजट सत्र के दौरान 15 बैठकें आयोजित की गई। सत्र में 572 तारांकित और 196 आतारांकित प्रश्न चर्चा में आए। नियम 46 और 61 के तहत भी तीन तीन विषय सदन में आए। नियम 62 के तहत 10 विषय चर्चा में लाए गए। नियम 130 के तहत 14 विषय आए लेकिन इन पर चर्चा नहीं हुई। नियम 101 के तहत 7 विषय सदन में लाए गए, जबकि नियम 324 के 1विषय चर्चा में आया।
तीन महत्वपूर्ण बिल पारित किए
सदन में शून्य काल के दौरान 24 विषय प्राप्त हुए, जिनमें से 15 विषय पर चर्चा हुई। 15 दिनों में 73 घंटे सदन की कार्यवाही चली। जिसके चलते 110 फीसदी उत्पादकता रही। जबकि आठ बिल पास किए गए। सदन में हिमाचल प्रदेश संगठित अपराध निवारण और नियंत्रण विधेयक 2025 पारित, नशे के खिलाफ बिल और वेतन भत्तों को लेकर तीन महत्वपूर्ण बिल पारित किए है। नशे और अपराधों में संलिप्त पाए जाने वालों पर कड़ी सज़ा का प्रावधान है।इसी के साथ सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
नशे को रोकने के लिए ऐतिहासिक सत्र
सदन की समाप्ति पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस सत्रमें कई महत्वपूर्ण बिल पारित हुए है। हिमाचल की संपदा से प्रदेश को समृद्धि की ओर ले जाने के लिए यह बिल पारित किए गए हैं। प्रदेश में बढ़ते नशे को रोकने के लिए यह ऐतिहासिक सत्र है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भी बिल लाया गया है।
अंदर और बाहर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए
विधानसभा बजट सत्र के समापन पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विपक्ष की ओर से कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाया गया। विपक्ष ने सदन के अंदर और बाहर कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया।
संजू चौधरी