- Advertisement -
ऊना। हिमाचल व्यापार मंडल ने प्रदेश सरकार को 15 अप्रैल तक मार्केट फीस खत्म करने का अल्टीमेटम दे दिया है। व्यापार मंडल ने मार्केट फीस को प्रदेश के कारोबारियों के लिए काला कानून भी करार दिया है। हिमाचल व्यापार मंडल की अहम बैठक आज ऊना जिला मुख्यालय के बचत भवन में आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेशभर से व्यापार मंडल के सदस्यों ने बैठक में भाग लिया। इस मौके पर हिमाचल व्यापार मंडल की प्रदेश स्तरीय 125 सदस्यीय जम्बो टीम का भी गठन किया गया। वहीं हिमाचल व्यापार मंडल की 21 सदस्यों की कोर कमेटी भी गठित की गई जो हर माह कारोबारियों की समस्याओं को लेकर बैठक करेगी। इस मौके पर हिमाचल व्यापार मंडल ने कारोबारियों की समस्याओं का निदान ना किए जाने पर प्रदेश सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की है। व्यापार मंडल का कहना है कि प्रदेश सरकार को हिमाचल व्यापार मंडल द्वारा सुझाए गए नामों को व्यापारी कल्याण बोर्ड में शामिल करना चाहिए। इसके अलावा व्यापार मंडल ने 3 वर्ष में कारोबारी कल्याण बोर्ड की एक भी बैठक न होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
- Advertisement -