- Advertisement -
लेखराज धरटा/शिमला। सोमवार से आगामी दो मार्च तक फिर से मौसम (weather) खराब रहेगा। इस दौरान खास कर 26 फरवरी को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी (Snowfall) और मैदानों में बारिश होने की चेतावनी जारी कर दी गई है। गत शनिवार और रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में खिली धूप से लोगों ने काफी हद तक राहत की सांस ली। धूप खिलने से अधिकतम तापमान (Temperature) में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई है। राज्य के कल्पा, धर्मशाला और ऊना को छोड़ कर शेष प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी की गई।
डल्हौजी और सोलन के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबकि न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है। राज्य में न्यूनतम तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री कम रिकार्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से मिली जानकारी के मुताबिक 25 फरवरी से दो मार्च तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया है। जबकि 25 फरवरी को मैदानों में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान 26 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और भारी बर्फबारी होने की चेतावनी (Warning) जारी कर दी है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 26 फरवरी को फिर से भारी बारिश और बर्फबारी होगी। प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
- Advertisement -