- Advertisement -
लेखराज धरटा/शिमला। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में मौसम ने फिर से करवट ले ली है। शनिवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में फिर से ताजा बर्फबारी (Snowfall) दर्ज की गई है। जबकि राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश (Rainfall) हुई है। मौसम विभाग (Weather Department) की मानें तो रविवार को भी प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान विभाग ने समूचे प्रदेश में गर्जन के साथ ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। राज्य में पांच और छह मार्च को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि सात मार्च को फिर से बारिश-बर्फबारी होगी।
हिमाचल में शुक्रवार सुबह से ही मौसम के मिजाज बदले नजर आए। आसमान में दिनभर काले बादलों ने डेरा डाले रखा। वहीं, दोपहर बाद शीतलहर के साथ बारिश शुरू हुई। पहाड़ों पर बर्फबारी व बारिश से अधिकतम तापमान में फिर से भारी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से आठ डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। सुंदरनगर के तापमान में सबसे अधिक 8 डिग्री की गिरावट आई है। भुंतर व कांगड़ा में 6 डिग्री तक तापमान लुढ़का है। चंबा, हमीरपुर, बिलासपुर में पांच डिग्री, धर्मशाला, कल्पा व शिमला में चार डिग्री तक तापमान गिरा है।
मौसम में करवट आने के बाद केलांग का अधिकतम तापमान फिर से जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है। जबकि कल्पा का अधिकतम तापमान शून्य डिग्री में रिकॉर्ड किया गया है। तापमान में गिरावट के बाद फिर से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश होगी, जिससे तापमान में और गिरावट आने की उम्मीदें हैं। दो दिन मौसम साफ रहने के बाद सात मार्च को फिर से प्रदेश में बारिश होगी।
शहर अधिकतम न्यूनतम
शिमला 9.8 5.7
सुंदरनगर 12.8 8.9
भुंतर 13.0 8.4
कल्पा 0.0 -3.0
धर्मशाला 12.2 5.8
ऊना 20.3 11.4
सोलन 12.2 7.0
नाहन 16.1 7.4
- Advertisement -