- Advertisement -
लोकिन्दर बेक्टा/शिमला। प्रदेश युवा कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है। संगठन अब पोलिंग बूथों पर सक्रिय हो रहा है। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने ब्लॉक के सभी पोलिंग बूथ में कम से कम पांच-पांच सदस्यों की टीम बनाएं। उन्होंने सभी अध्यक्षों से सूची को उन्हें भेजने को कहा है और इसकी एक प्रति क्षेत्र के कांग्रेस विधायक को भी दी जाए।
याद रहे कि राज्य में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं और इसके लिए प्रदेश युवा कांग्रेस ने कमर कस ली है। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर युवा कांग्रेस जल्द नया कार्यक्रम लांच करने जा रही है। कार्यक्रम किस रूप में होगा, उसका स्वरूप जल्द सामने आना है, लेकिन कार्यक्रम राज्य की कांग्रेस सरकार के 4 वर्ष में किए गए विकास पर केंद्रित होगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस ने पिछले वर्ष राज्य में युवा कांग्रेस आपके द्वार नाम से कार्यक्रम चलाया था और इसके तहत प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने 68 में से 50 विधानसभा हलकों को कवर किया गया था। इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं को भी सुना था और उनकी समस्याएं सरकार तक पहुंचाई थी। इसके अलावा उस समय कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी भी उन्हें दी गई थी। अब चुनावी वर्ष है और इसे देखते हुए युवा कांग्रेस भी अपना गियर बदलने लगी है। वह जहां संगठन की गतिविधियों को पोलिंग बूथ स्तर पर ले जा रही है, वहीं संगठन को और सक्रिय भी कर रही है। पोलिंग बूथों पर युवाओं की टीम खड़ी करना भी उसका एक हिस्सा है।
विक्रमादित्य सिंह ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से इस कार्य को प्राथमिकता पर करने को कहा है। उन्होंने कहा कि चुनाव में पोलिंग बूथ प्रबंधन अहम हिस्सा है और इसमें युवा कांग्रेस अपनी अहम भूमिका निभाएगा। इसके लिए उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों को इस बाबत निर्देश दिए हैं कि वे इस कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें और संगठन को निचले स्तर पर सक्रिय करें। उनका कहना था कि युवा कांग्रेस विधानसभा चुनावों में अहम भूमिका निभाएगी और इसे लेकर संगठन भी पूरी तरह से तैयार है।
- Advertisement -