- Advertisement -
शिमला। हिमाचली धुंरधर मुंबई में झंडे गाड़ने के बाद अब अमेरिका में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। बस आप लोगों के सहयोग की दरकार है। जी हां, देश भर में धूम मचाने वाले नन्हे कलाकारों को अब अमेरिका जाने के लिए पैसों की जरूरत है, जिसके लिए वह गुहार लगा रहे हैं। बहरहाल, देश की आर्थिक राजधानी और फिल्म नगरी मुबंई में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद ये आठ बच्चे अब अमेरिका में धमाल मचाएंगे, लेकिन इनके रास्ते में धन की कमी आड़े आ रही है और अब इन्होंने प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
साथ ही प्रदेश के बड़े उद्योगपतियों से भी प्रायोजक के तौर पर मदद करने का आग्रह किया है। शिमला डांस सेंटर के बैनर तले मिकर यैंक्स ग्रुप के सदस्यों कनिष्क वर्मा, पारस ओमटा, प्रतिभा रांटा, खुशी ठाकुर, नताशा शर्मा, नवृति श्याम, नलिनी झगटा और सिया सिंह ने मुबंई में पहाड़ी पोशाक में डंका बजाया था। इन बच्चों के डांस को कोरियोग्राफर निधि गांगटा और निदेशक ललित धौल्टा ने तराशा और आज ये इस मुकाम पर पहुंचे कि प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। धौल्टा ने इस ग्रुप का गठन किया है और इनकी मेहनत का नतीजा ही था कि इस ग्रुप ने मुंबई में धमाल मचाते हुए इंडियन हिप-हॉप प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर दूसरा स्थान हासिल किया।
शिमला डांस सेंटर के निदेशक ललित धौल्टा ने कहा कि उनकी टीम अंडर-18 ग्रुप में देशभर में दूसरे स्थान पर रही है और वे अमेरिका के फोनेक्स सिटी एरिजोना में 7 अगस्त से 12 अगस्त तक होने वाली विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि डांस में यह सबसे बड़ी प्रतियोगिता है और इसके लिए क्वालीफाई करना बहुत बड़ी उपलब्धि है। उनका कहना था कि अमेरिका जाने के लिए धन की कमी आड़े आ रही है और इसके लिए वे जल्द ही सीएम वीरभद्र सिंह से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें प्रायोजक मिले तो उन्हें बहुत बड़ी मदद होगी। धौल्टा ने कहा कि उनकी तमन्ना है कि अमेरिका में देश और प्रदेश का डंका बजाया जाए और इसके लिए वे दिन रात मेहनत कर रहे हैं।
- Advertisement -