-
Advertisement
Holi पर खूब उड़ा गुलाल, कहीं खेली फूलों की होली, Chamba में हादसे ने फीका किया त्योहार का रंग
Last Updated on March 10, 2020 by Deepak
कुल्लू/चंबा। प्रदेशभर में आज होली का त्योहार (Holi festival) धूमधाम से मनाया गया, वहीं चंबा में एचआरटीसी बस हादसे (HRTC bus accident) के बाद यहां की होली रंग कुछ फीका रहा। जिला कुल्लू में तीसरे दिन भी होली उत्सव की धूम रही है। प्रदर्शनी मैदान में हर वर्ष की भांति इस साल भी उमंग कृष्णा उत्सव समिति ने फूलों की होली का आयोजन किया। इस दौरान डीजे का भी प्रावधान किया गया था। जिसमें यहां हजारों की संख्या में युवक-युवतियां होली गीतों पर जमकर थिरके। इस दौरान रंगों की जगह फूलों की होली खेली गई।
यह भी पढ़ें: नाहन में Holi की धूम, यहां गुलाल नहीं फूलों के संग खेली होली
उमंग कृष्णा उत्सव समिति के अध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि भगवान कृष्ण की बाल रूर्पी मूर्ति के साथ दियार घाटी के रूआडू, बगीचा, भुंतर अखाड़ा बाजार होकर एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान होली उत्सव में टकोली के अधिष्ठाता देवता घटोत्कच्छ बतौर मेहमान के रूप में पधारे और आयोजन स्थल पर उनका देव परंपरा के तहत स्वागत किया गया।
इसके बाद यहां देवता की पूजा-अर्चना कर आरती का भी आयोजन किया जिसमें महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उमंग कृष्णा उत्सव समिति ने पर्यावरण संरक्षण के लिए फूलों वाली होली का आयोजन किया है जिसमें लोग गेंदे के फूलों को एक-दूसरे में फेंक कर आपसी मनमुटाव भुलाकर एक दूसरे के साथ नाच-गाकर मस्ती करते हैं।
बिलासपुर जिला (Bilaspur District) में भी होली पर खूब गुलाल उड़ा। लोगों ने जमकर होली खेली और अपने रिश्तेदार और सगे-संबंधियों को गुलाल लगाया। आशा विकलांग किरण संस्थान कोठी में दिव्यांग बच्चो ने भी खूब मस्ती के साथ होली मनाई। संस्था की तरफ से सभी बच्चों को मिठाई बांटी गई।