- Advertisement -
शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालकों के अर्जित अवकाश को छोड़ अन्य अवकाश अगले वर्ष को कैरी फारवर्ड न करने के फैसले पर चालक यूनियन भड़क गई है। चालक यूनियन का तर्क है कि जब उन्हें साप्ताहिक अवकाश लेने नहीं दिया जाता तो उनकी छुट्टियां आगे मिलनी चाहिए और इन छुट्टियों को काटने का निगम को कोई हक नहीं है।
चालक यूनियन ने आरोप लगाया कि एक तरफ उनसे जोर जबरदस्ती कार्य लिया जा रहा है और ऊपर से साप्ताहिक अवकाश भी नहीं दिया जा रहा। अब उसे कैरी फारवर्ड भी नहीं किया जा रहा। यूनियन का कहना है कि इस मामले पर निगम प्रबंधन उलटे कर्मचारियों को दोषी ठहरा रहा है।
यूनियन के प्रांतीय प्रधान सत्य प्रकाश शर्मा, चेयरमैन मानसिंह ठाकुर के साथ-साथ यूनियन के पदाधिकारी पदम सिंह, हेमंत शर्मा, नरेश कुमार शर्मा व यशवंत शर्मा ने आरोप लगाया कि कोई भी कर्मचारी संबंधित आरएम या अन्य अधिकारियों के पास छुट्टी मांगने जाता है तो उलटा उन्हें डरा कर काम लिया जाता है। उन्होंने पूछा कि निगम के एमडी ने जब 2016 में ही फील्ड स्टाफ को हर महीने छुट्टी काटने के निर्देश दिए थे तो छुट्टी न देने पर संबंधित आरएम के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। यूनियन ने आरोप लगाया कि निगम प्रबंधन पूरी तरह से कर्मचारियों का शोषण कर रहा है। उनका कहना था कि एचआरटीसी के इतिहास में पहले कभी भी कर्मचारियों के प्रतिपूरक अवकाश समाप्त नहीं किए गए, लेकिन अब कर्मचारियों को तंग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब वे चुप रहने वाले नहीं हैं और जल्द ही कोई कठोर निर्णय लेंगे। यूनियन ने कहा कि 27 दिसंबर को सभी कर्मचारी अपने प्रतिपूरक अवकाश पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब निगम में फील्ड स्टाफ का हर कर्मचारी हर माह अपनी छुट्टी लेगा और निगम प्रबंधन द्वारा दिए गए धोखे का शिकार नहीं होगा।
- Advertisement -