- Advertisement -
Husband Killed Her Wife : चुवाड़ी। पुलिस थाना चुवाड़ी में एक व्यक्ति ने पत्नी पर दराट से वार कर उसे घायल कर दिया। इस संबंध में घायल महिला ने पुलिस थाना ने मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के अनुसार सुरेखा देवी (27) निवासी खफरोदू पंचायत तुरकड़ा को पति अशोक कुमार ने शुक्रवार सुबह साढ़े 5 बजे दराट से हमला कर घायल कर दिया।
महिला को उपचार के लिए चुवाड़ी अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला के सिर पर 24 टांके लगे हैं। इसकी सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर घायल महिला का बयान दर्ज किया।
महिला ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को उसके देवर की शादी थी तथा उसका पति, ससुर व अन्य रिश्तेदार उसकी बारात में गए हुए थे। शुक्रवार सुबह उसका पति जब घर आया तो वह सोई हुई थी। पति ने सुरेखा को उठाने की कोशिश की तो उसने कहा कि सोने दो, इस बात पर वह गुस्से में आ गया और उसके सिर पर दराट से वार कर दिया। जब वह चिल्लाई तो उसका जेठ वहां पहुंचा। महिला का कहना है कि उसके पति ने जेठ के सामने भी उसके सिर पर दराट से वार किए। जब उसका जेठ उसे छुड़ाने लगा तो उसके सिर पर भी वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। सुरेखा के जेठ के सिर पर भी 8 टांके लगे हैं। उधर, महिला के पिता दौलत राम ने बताया कि अशोक उनकी बेटी के साथ पहले भी कई बार मारपीट कर चुका है और दोबारा ऐसा न करने के आश्वासन पर ही उन्होंने मामले को आगे नहीं बढ़ाया था। एसडीपीओ डल्हौजी सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस ने उपरोक्त मामले को दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -