- Advertisement -
Missing : मंडी। सदर क्षेत्र के इलाका तुंगल के गांव बटाहर का चमन लाल अपनी पत्नी सौणी देवी की तलाश में दर-दर भटक रहा है। मगर उसकी पत्नी है कि उसे न तो पीछे छोड़ गए दोनों बच्चों की फिक्र है और न बूढ़े ससुर और पति देव की। पत्नी को रिश्तेदारों व अन्य संभावित जगहों पर तलाश रहे चमन लाल ने बताया कि 9 जुलाई रविवार को वह अपने काम पर गया हुआ था। पेंटर का काम करता है ऐसे में सुबह ही काम पर निकल गया। घर में उसकी पत्नी व दो बच्चे व पिता थे। उसकी पत्नी ने सुबह 9 बजे पिता यानि अपने ससुर को बताया कि वह मंदिर जा रही है।
8 साल के लड़के व 6 साल की लड़की को भी घर पर ही छोड़ गई और चली गई। शाम को जब वह घर आया तो सौणी देवी घर पर नहीं थी। उसने उसके मायके सेरी आरंग कटौला में भी पता किया मगर वहां भी वह नहीं थी। दो दिन तक वह उसे जगह जगह ढूंढता रहा है मगर जब पता नहीं चला तो 11 जुलाई को उसने पुलिस चौकी कोटली में इसकी रिपोर्ट लिखवा दी। चमन लाल ने अपनी पत्नी से मीडिया के माध्यम से गुहार लगाई है कि वह समाचार को पढ़ते ही अपने बच्चों, पति व ससुर की खातिर घर लौट आए। बच्चों को संभालना मुश्किल हो रहा है और वह भी काम पर नहीं जा पा रहा है। चमन लाल ने बताया कि दो साल पहले भी सौणी देवी घर से चली गई थी और फिर दो महीने बाद सरकाघाट के थौना पिंगला में मिली थी।
- Advertisement -