Home » हिमाचल » दो टूकः हक न मिला तो उग्र होगा प्रदर्शन
दो टूकः हक न मिला तो उग्र होगा प्रदर्शन
Update: Saturday, April 29, 2017 @ 5:02 PM
Hydro Power Project : धर्मशाला। 18 दिन से हक की लड़ाई लड़ रहे Hydro Power Project के कर्मचारियों का सब्र अब छलक गया है। बार-बार बातचीत के लिए प्रयास करने के बावजूद प्रबंधन अब पीछे हट रहा है और कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। हड़ताल पर डटे कर्मचारियों ने दो टूक कहा है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किय़ा गया तो पहली मई से वह अपने आंदोलन को ओर उग्र रूप देंगे। बहरहाल, हाइड्रो पॉवर प्रोजेक्ट कर्मियों की चल रही हड़ताल का 18 दिन बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला है।
श्रम विभाग के हस्तक्षेप के बाद भी कंपनी प्रबंधन कर रहा आनाकानी
धर्मशाला हाइड्रो पॉवर लिमिटेड की कर्मचारी यूनियन ने इसके लिए कंपनी प्रबंधन के अड़ियल रवैये को जिम्मेदार ठहराया है। यूनियन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार और महासचिव देशराज का कहना है कि कंपनी प्रबंधन श्रम विभाग के हस्तक्षेप के बाद भी आनाकानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि कंपनी कर्मचारी पिछले 18 दिन से हड़ताल पर हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने कर्मियों की सुध तक लेना गवारा नहीं समझा है। उन्होंने बताया कि श्रम अधिकारी द्वारा यूनियन व कंपनी प्रबंधन में वार्ता के प्रयास करने के बावजूद कपंनी प्रबंधन अडिय़ल रवैया अपनाए हुए है। शुक्रवार को हुई समझौता वार्ता विफल रही है, क्योंकि कंपनी प्रबंधन वार्ता में कही गई बातों से पीछे हट रहा है।
कंपनी प्रबंधन ने नहीं की वार्ता
कंपनी प्रबंधन द्वारा शुक्रवार सायं 7 बजे तक मांगों पर विचार करके वार्ता का समय मांगा था, लेकिन प्रबंधन ने कोई वार्ता नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने पिछले वर्ष कर्मचारियों से इंक्रीमेंट देने व वेतन वृद्धि का वादा किया था, लेकिन अब प्रबंधन अपने वादे से मुकर रहा है। जिसके चलते कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अख्तियार करने को मजबूर होना पड़ा है। कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष ने प्रबंधन को चेताया है कि यदि शीघ्र मांगों को नहीं माना गया और सकारात्मक नहीं उठाए गए तो खनियारा की जनता के सहयोग से आंदोलन तेज किया जाएगा। एक मई को मजदूर दिवस के अवसर पर सीटू सहित विभिन्न महिला व युवक मंडलों के सहयोग से डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।