- Advertisement -
नई दिल्ली। विश्व भर में जारी कोरोना वायरस (Coronavirus) के कहर के बीच सभी से मास्क पहनने की अपील की जा रही है। वहीं, कोविड-19 से बचाव के लिए बनाए गए नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों को सजा भी दी जा रही है। इस सब के बीच इंडोनेशिया (Indonesia) के पूर्वी जावा में फेस मास्क के बिना पकड़े गए लोगों को एक अनोखी सजा दी जा रही है। जो कि इस वक्त दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल यहां पर फेस मास्क के बिना पकड़े गए लोगों को अधिकारियों ने सज़ा के रूप में कोविड-19 से मरने वालों के लिए कब्र (grave) खोदने को कहा है।
एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘फिलहाल कब्र खोदने वाले केवल 3 (लोग) हैं, इसलिए मैंने सोचा कि इन्हें उनके साथ काम पर लगा सकता हूं। उम्मीद है उल्लंघन के खिलाफ, यह कारगर रहेगा।’ सजा के तहत बिना मास्क के पकड़े गए लोगों को कोरोना वायरस से मरने वालों की कब्र खोदनी होगी। हाल ही में गेरसिक रीजेंसी के आठ लोगों को मास्क नहीं पहनने पर नॉबबेटन गांव में एक सार्वजनिक कब्रिस्तान (Public Cemetery) में कब्र खोदने की सजा दी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दो लोगों को एक कब्र खोदने का आदेश दिया गया है।
कोर्म जिला के प्रमुख स्यूनो ने कहा कि हमारे पास कब्र खोदने वाले लोगों की कमी है। इसलिए मास्क ना पहनने वाले लोगों को इस काम में लगाया गया है। उन्होंने आशा जताई कि इस सजा से भविष्य में लोग मास्क ना पहनने की गलती नहीं करेंगे। स्थानीय अधिकारियों का मानना है कि उनके इस तरह सजा देने से अन्य लोगों में मास्क पहनने के लिए डर पैदा होगा। आमतौर पर कोरोना से जुड़े नियम तोड़ने पर इंडोनेशिया में जुर्माना या फिर कम्यूनिटी सर्विस की सजा दी जाती है। बता दें कि इंडोनेशिया में अब तक कोरोना वायरस के 2.2 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। कल यहां एक दिन में 3600 से अधिक मामले सामने आए। इंडोनेशिया की आबादी करीब 26 करोड़ है। 8800 से अधिक लोगों की यहां कोरोना वायरस से मौत हो चुकी है।
- Advertisement -