- Advertisement -
ऊना। डठवाड़ा के जंगल में आरओ राजेश ठाकुर समेत अन्य लोगों पर हमला कर उन्हें घायल करने वाले तेंदुए की मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। वीरवार देर शाम पशु चिकित्सकों और वन विभाग के विशेषज्ञों द्वारा किए गए तेंदुए के पोस्टमार्टम में उसे गोली लगी होने का खुलासा हुआ है। इसके आधार पर पुलिस द्वारा अज्ञात शिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। वहीं, घटना से क्षेत्र में अवैध शिकार खेले जाने का भी खुलासा हुआ है। वीरवार दोपहर डठवाड़ा के जंगल में हुई घटना के दौरान वन विभाग के अधिकारियों को घायल तेंदुए के होने की सूचना मिली। इसके आधार पर विभाग के आरओ राजेश ठाकुर की अगु वाई में विभागीय टीम मौके पर पहुंची।
सर्च ऑपरेशन के दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने आरओ राजेश ठाकुर को दबोच लिया। इसके बाद उनके बचाव के लिए स्थानीय लोगों और विभाग के कर्मचारियों ने प्रयास करते हुए तेंदुए पर हमला बोल दिया। घटना में आरओ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जबकि कुछ देर बाद तेंदुए की मौत हो गई थी। वहीं देर शाम हुए मृत तेंदुए के पोस्टमार्टम के दौरान उसे गोली लगी होने का खुलासा हुआ। जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात शिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसपी अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
वहीं, तेंदुए के हमले में घायल हुए वन विभाग के रेंज ऑफिसर राजेश ठाकुर को नाजुक हालत के चलते वीरवार रात पीजीआई रेफर कर दिया गया। तेंदुए के हमला करने के बाद करीब 10 मिनट तक उससे संघर्ष करने वाले राजेश ठाकुर का सिर तेंदुए के मूंह में रहा था। इसके चलते उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें लग गई थी। घटना के बाद उन्हें फौरन रीजनल अस्पताल ऊना लाया गया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।
- Advertisement -