- Advertisement -
स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 21वें Commonwealth Games का सफर रविवार को थम गया। 11 दिन के अपने इस अभियान में भारत ने 26 गोल्ड संग कुल 66 पदक अपने नाम किए। भारतीय खिलाड़ियों ने अबकी बार राष्ट्रमंडल खेलों में अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है। भारत ने इस प्रतियोगिता में 26 स्वर्ण पदक के साथ-साथ 20 रजत और 20 कांस्य पदक हासिल किए हैं। Commonwealth Games का रविवार को अंतिम दिन था। सुबह सवेरे भारत की साइना नेहवाल ने पीवी सिंधू को हराकर दिन का पहला गोल्ड और सिल्वर देश की झोली में डाला। इसके साथ ही दिन का अंत बैडमिंटन पुरुष डबल्स में सात्विक साइराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी के रजत पदक से हुआ। Commonwealth Games में
अपना तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए भारत ने ग्लास्गो के 64 पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। बहरहाल, Commonwealth Games 2018 का 11वां दिन किसी सुपर संडे से कम नहीं था। किदाम्बी श्रीकांत सोना जीतने से चूक गए और पुरुष एकल में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उधर, ग्लासगो में स्क्वाश का स्वर्ण पदक जीतकर सबको चौंका देने वाली दीपिका पल्लीकल और जोशना चिनप्पा की जोड़ी अपना खिताब बचाने में नाकाम रहीं और उन्हें सिल्वर मेड से संतोष करना पड़ा। कॉमनवेल्थ खेलों के इतिहास में यह पहला मौका था, जब बैडमिंटन का फाइनल मुकाबला सायना नेहवाल और पीवी सिंधू के बीच खेला गया।
मेजबान ऑस्ट्रेलिया 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 198 पदकों के साथ पदक तालिका में टॉप पर रहा। उसने 80 स्वर्ण पदक जीते। इंग्लैंड ने 136 पदकों के साथ दूसरा और भारत ने 66 पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 71 देशों और टेरेटरीज ने हिस्सा लिया, जिनमें से 43 के हिस्से पदक आए। आस्ट्रेलिया ने 80 स्वर्ण के अलावा 59 रजत और इतने ही कांस्य पदक जीते। इंग्लैंड ने 45 स्वर्ण, इतने ही रजत और 46 कांस्य पदक जीते। भारत ने बेशक चौथे स्थान पर रहे कनाडा (82 पदक) से कम पदक जीते लेकिन उसके स्वर्ण पदकों की संख्या कनाडा से अधिक रही। कनाडा ने 15 स्वर्ण जीते, जबकि भारत के नाम 26 स्वर्ण रहे। भारत ने 20 रजत और इतने ही कांस्य भी जीते, जबकि कनाडा के नाम 40 रजत और 27 कांस्य रहे। न्यूजीलैंड ने 15 स्वर्ण, 16 रजत और 15 कांस्य के साथ कुल 46 पदकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका ने 37 पदक (13 स्वर्ण, 11 रजत और 13 कांस्य) जीते, जबकि वेल्स ने 36 पदक (10 स्वर्ण, 12 रजत और 14 कांस्य) जीते। स्कॉटलैंड और नाइजीरिया के नाम नौ-नौ स्वर्ण रहे।
- Advertisement -