- Advertisement -
डोंगाए सिटी (साउथ कोरिया)। भारतीय महिला हॉकी टीम एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच गई है। यहां गुरुवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में उसने मलेशिया को 3-2 से हराया। भारतीय महिला हॉकी टीम की यह तीसरी जीत है। इससे पहले उसने चीन और जापान को मात दी थी।भारत के लिए गुरजीत कौर ने 17वें मिनट में गोल करते हुए टीम का खाता खोला। इसके बाद वंदना कटारिया ने 33वें मिनट में गोल कर भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया। वंदना ने जापान के खिलाफ दूसरे मैच में भारत के लिए दो गोल किया था। इसके तीन मिनट बाद ही नूरैनी राशिद ने गोल कर मलेशिया का खाता खोला। लालरेमसियामी ने 40वें मिनट में भारत के लिए तीसरा गोल किया।
चौथे क्वॉर्टर में हानिन ओन ने 48वें मिनट में मलेशिया के लिए दूसरा गोल दागकर वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम ने अपना अच्छा डिफेंस रखते हुए उसे गोल नहीं करने दिया और अंत में 3-2 से जीत हासिल की। कप्तान सुनीता लाकड़ा ने मैच के बाद कहा, ‘हम गोल करने के कुछ और मौके भी भुना सकते थे। हम जिस तरीके से खेले, उससे खुश नहीं। हम होटल में जाकर अपनी गलतियों पर बात करेंगे, ताकि अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।’
- Advertisement -