- Advertisement -
चंबा। भारतीय सेना व रॉयल ओमान आर्मी के मध्य 6 से 19 मार्च तक संयुक्त युद्धाभ्यास होगा। यह युद्ध अभ्यास धौलाधार की पहाड़ियों के मध्य बकलोह छावनी क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। इस संयुक्त युद्धाभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों के मध्य की दूरियों को कम करना है। साथ ही यह युद्ध अभ्यास इस बात को सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में होने वाले संयुक्त अभ्यास में आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिले। 14 दिनों तक आयोजित किए जाने वाला यह दूसरा संयुक्त युद्धाभ्यास है जो दो देशों के मध्य रक्षा के क्षेत्र में आपसी मेलजोल को प्रदर्शित करेगा। इससे पहले यह संयुक्त युद्धाभ्यास जनवरी, 2015 में आयोजित किया गया था।
संयुक्त युद्धाभ्यास में भारतीय सेना का नेतृत्व नौंवी गोरखा रायफल्स की चौथी बटालियन द्वारा किया जाएगा, जबकि ओमान देश की रॉयल आर्मी का नेतृत्व 23 इंफेंट्री ब्रिगेड के ट्रूप्स करेंगे। इस संयुक्त युद्धाभ्यास में दोनों देशों के 60 सैनिक भाग ले रहे हैं। इस संयुक्त युद्धाभ्यास से दोनों देशों के मध्य सेना के संबंधों को मजबूत करना और सेनाओं की कुशलता को अदान-प्रदान कर पारस्पारिकता को बढ़ावा देना है। संयुक्त युद्धाभ्यास से दोनों देशों की सेनाएं अपनी रणनीति एक-दूसरे को समझाने और किसी भी आतंकी या अन्य आशंकाओं में जहां दोनों देशों की सेनाओं को मिलकर काम करना पड़े ऐसी परिस्थितियों में अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने में मदद मिलेगी। भारतीय सेना ने इस संयुक्त युद्धाभ्यास को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर ट्रेनिंग को अंजाम दिया है।
- Advertisement -