- Advertisement -
महंगाई (Inflation) इस वक्त पूरे चरम पर है। हर कोई इससे त्रस्त है। मगर एक राहत की खबर है कि अगले साल तक शायद इस बढ़ती हुई महंगाई से राहत मिल जाए। यह महंगाई भारत (India) सहित विश्व के कई देशों में कम होने जा रही है। इस संबंध में वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में कच्चा तेल, नेचुरल गैस (Natural Gas), अनाज, खाद्य तेल, कॉटन मेटल आदि सभी उपभोक्ता वस्तुओं के दामों में करीबन 15 प्रतिशत कमी आने की संभावना है। वर्ष 2024 में इनकी कीमत 12 प्रतिशत तक घट सकती हैं।
इस वर्ष महंगाई के बढ़ने का मुख्य कारण कच्चा तेल (crude oil) और नेचुरल गैस ही रहा है। माना जा रहा है कि वर्ष 2023 में इनके दाम ही सबसे ज्यादा घटने वाले है।भारतीय कमोडिटी एक्पर्ट्स के मुताबिक अगले साल कच्चे तेल का इंटरनेशनल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड करीब 17 प्रतिशत घटकर 75 डॉलर प्रति बैरल पर आ सकता है, जो अभी 90 डॉलर के आसपास है। जून 2023 तक खाने के तेल में भी 12.15 प्रतिशत गिरावट आने का अनुमान है। यूक्रेन के पास सन फ्लावर ऑयल का बड़ा स्टॉक है। देश में सरसों की खेती भी बढ़ी है। इसके साथ ही पाम तेल निर्यातक देशों में श्रमिकों की कमी भी दूर हो गई है। अत महंगाई कम होने के आसार हैं। इसी के साथ देश में अनाज का उत्पादन साल दर साल बढ़ रहा है। रबी सीजन में गेहूं उत्पादन 10.15 प्रतिशत बढ़ सकता है। मक्का उत्पादन भी बढ़ने की संभावना है। इसके अतिरिक्त कॉटन उत्पादन 8.5 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है। अमेरिका में भी उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है। ऐसे में कॉटन के भाव पर दबाव बन सकता है। वहीं वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती से मांग में कमी आएगी। उधर चीन में कोविड की पाबंदियां एक बार फिर बढ़ी हैं। ऐसे में कीमतें घटेंगी।
- Advertisement -