- Advertisement -
मंडी। हर वर्ष आयोजित होने वाला अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 14 से 20 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के आयोजन की पहली आमसभा की बैठक का मंडी में आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मंडी मदन चौहान ने की। बैठक में वर्ष 2017 के शिवरात्रि महोत्सव के आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। मदन चौहान ने बताया कि इस बार भी महोत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में स्थानीय, देसी और विदेशी कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही महोत्सव में बिजली, पानी, सफाई, यातायात और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव को ऐतिहासिक पड्डल मैदान में ही आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के सफल आयोजन के लिए उप समितियों का गठन किया जाएगा और इन्हें अहम जिम्मेवारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने सभी जिला वासियों से इस महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन को अपना सहयोग देने की अपील भी की।
मदन चौहान ने बताया कि महोत्सव के लिए 216 पंजीकृत देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाएगा और इन सभी के साथ आने वाले देवलुओं के रहने खाने की उचित व्यवस्था की जाएगी। मदन चौहान ने बताया कि महोत्सव के दौरान स्मारिका का विमोचन भी होगा और साथ ही विभिन्न विभागों की उपलब्धियों से संबंधित स्टाल भी मेले में लगाए जाएंगे। उन्होंने बैठक में आए हुए सभी सदस्यों का आभार जताया और उनकी तरफ से दिए गए सुझावों पर अमल करने की बात कही।
- Advertisement -