- Advertisement -
दुबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन का फाइनल मैच आज मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाना है। दिल्ली कैपिटल्स (DC) आज IPL में अपना पहला फाइनल खेलने उतरेगी। उसके सामने डिफेंडिंग चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) की चुनौती है। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई छठवीं बार फाइनल खेलेगी, जिसमें 4 बार (2013, 2015, 2017, 2019) खिताब अपने नाम किया। मुंबई 5वीं बार जीत हासिल कर अपना खिताब बरकरार रखना चाहेगी। दोनों ही टीमों ने लीग राउंड में शानदार प्रदर्शन किया और यहां तक का सफर तय किया है। यह खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा।
वहीं, आईपीएल में दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड (Head to head) मुकाबले की बात की जाए तो दोनों टीमों के बीच अबतक कुल 27 मैच हुए हैं जिसमें 12 मैच में दिल्ली और 15 मैचों में मुंबई को जीत मिली है। मौजूदा आईपीएल में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले हो चुके हैं। तीनों में मुंबई ने जीत हासिल की और अब फाइनल में आमने-सामने हैं। ग्लोफैन्स की क्रिक डेटा मैट्रिक्स टीम ने मंगलवार को दुबई में खेले जाने वाले आईपीएल 2020 के फाइनल को लेकर विश्लेषण किया है।
रिसर्च में पाया गया है कि आंकड़ों के लिहाज से मुंबई इंडियंस का दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पलड़ा भारी है। मुंबई इंडियंस की तरफ ऐसा कोई बल्लेबाज नहीं है, जो मौजूदा सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन के आंकड़ों को चुनौती दे रहा हो, जबकि मुंबई इंडियंस का मिडिल ऑर्डर दिल्ली के मुकाबले काफी मजबूत नजर आ रहा है। वहीं, इस मैच के जरिए अय्यर का भविष्य में भारतीय टीम की कप्तानी के लिए दावा पुख्ता हो सकता है। रिकी पोंटिंग कुशल रणनीतिकार के रूप में अपनी साख मजबूत करेंगे। जबकि सूर्यकुमार चयन समिति को बल्ले से जवाब देना चाहेंगे।
- Advertisement -