- Advertisement -
शिमला। जयराम सरकार (Jai ram govt) बागवानों से आठ रुपए प्रति किलो की दर से सी ग्रेड का सेब (C-grade apple) खरीदेगी। इसके लिए सरकार ने मंडी मध्यस्थता योजना (एमआईएस) शुरू कर दी है। योजना के तहत सरकार 31 अक्तूबर तक बागवानों से सी ग्रेड का सेब आठ रुपए प्रति किलो की दर से खरीदेगी। जयराम सरकार ने बागवानों से करीब 1.48 लाख मीट्रिक टन सेब की खरीद का लक्ष्य रखा है।
इसके लिए प्रदेश में 279 खरीद केंद्र खोले जाएंगे। मंडी मध्यस्थता योजना के लिए सरकार ने एचपीएमसी और हिमफेड को नोडल एजेंसी बनाया है। इन दोनों एजेंसियों को सेब खरीदने के लिए 258.46 लाख रुपए जयराम सरकार देगी। यहां ये बताना जरूरी है कि देश की मंडियों में ए और बी ग्रेड के सेब के दाम नीचे न गिरें, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार खुले बाजार में सी ग्रेड का सेब नहीं पहुंचने देती। मंडी मध्यस्थता में जो भी सेब खरीदा जाता है, उससे एचपीएमसी और उद्यान विभाग जूस और कंसंट्रेट बनाने में उपयोग करता है। इसलिए सरकार को सी ग्रेड के सेब की खरीद के लिए एचपीएमसी और हिमफेड को आर्थिक मदद मुहैया करवानी पड़ती है।
- Advertisement -