-
Advertisement
जयराम ठाकुर का तंज: हिमाचल की सुक्खू सरकार लोकप्रिय नहीं लॉक प्रिय सरकार बनी
धर्मशाला। हिमाचल की सुक्खू सरकार लोकप्रिय सरकार नहीं बल्कि, लॉक प्रिय सरकार बन गई है। यह तंज रविवार को पूर्व सीएम नेता और प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने धर्मशाला में बीजेपी द्वारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली में कसे। आक्रोश रैली में जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार स्कूल व कालेजों को बंद करने में लगी हुई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए निर्णयों को डि-नोटिफाई करना ठीक नहीं है। कॉलेज स्कूल बंद करने से साबित हो गया है कि ये सरकार जनता विरोधी है। उन्होंने कहा कि अगर जनता सड़क पर उतरी तो सरकार संभल नहीं पाएगी।
धर्मशाला में बीजेपी ने निकाली आक्रोश रैली, सुक्खू सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
प्रदेश के इतिहास में पहली बार 0.97 प्रतिशत के जनमत से सरकार बनी है। ऐसे में सरकार बीजेपी को नजर अंदाज नहीं कर सकती है। सुक्खू ने अपनी सरकार की शुरुआत बदला बदली से की है। पूर्व सरकार ने संस्थान जनता की मांग व प्रदेश के विकास के लिए खोले थे। बेहतर होता सरकार संस्थान बंद करने से पहले रिव्यू करती। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार सुख की नहीं बल्कि दुख की सरकार है। यह सरकार ना तो जनता के साथ किए गए वादे पूरे कर रही है और ना ही अन्य वायदे पूरे कर रही है। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने नेता और मंत्रियों को बिना पूछे निर्णय ले रहे हैं। सीएम के साथ कुछ मित्र बैठे होते हैं, जो यह मित्र कहते हैं, वे उनकी ही बात मान लेते हैं।
जनहित कार्यों को डिनोटिफाई करना ही सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन
कांग्रेस की सरकार व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है और पूर्व सरकार द्वारा जनहित में किए गए कार्यों को डि-नोटिफाई करना ही इनका व्यवस्था परिवर्तन है। वहीं जनता अब कांग्रेस पार्टी के तुगलकी फरमान वाले आदेशों से तंग आ गई है। इसीलिए हर जिला में बीजेपी सड़कों पर उतर रही है और कांग्रेस सरकार को घेर रही है। उन्होंने कहा कि छोटे से प्रदेश में उपमुख्यमंत्री समझ से परे है। एक ही दल की सरकार है। गठबंधन होता तो बात समझ में आती। ठाकुर ने कहा कि हम प्रदेश को बर्बाद होने नहीं देंगे।
5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी सुक्खू सरकार
वहीं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। यह मैं नहीं ज्योतिषाचार्य भविष्यवाणी कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझे तो ज्योतिष का अधिक ज्ञान नहीं, पर उनका कहना है कि अशुभ नक्षत्र में सरकार का गठन हुआ है। जिस तरह के हालात हिमाचल प्रदेश में पैदा किए जा रहे हैं, उससे भी यही लगता है कि यह सरकार ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली।