- Advertisement -
श्रीनगर। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के प्रशासन ने उत्तर प्रदेश कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी नीतीश्वर कुमार (Nitishwar Kumar) को उप राज्यपाल मनोज सिन्हा (Manoj Sinha) का प्रधान सचिव (Principal Secretary) नियुक्त किया है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए कहा कि 1996 बैच के आईएएस अधिकारी को केंद्र शासित प्रदेश में प्रतिनियुक्ति मिली थी जिसके बाद उन्हें उप राज्यपाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया। कुमार ने 1992 बैच के आईएएस अधिकारी बिपुल पाठक का स्थान लिया है जिन्हें सूचना तकनीकी विभाग में प्रधान सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास विज्ञान एवं तकनीक विभाग, जम्मू कश्मीर उद्यमी विकास एजेंसी और जम्मू कश्मीर ई-गवर्नेस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
नीतीश्वर कुमार उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के प्रधान सचिव के रूप में राज्य के विकास को नई दिशा देने की जिम्मेदारी संभालेंगे। वे मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और विभिन्न मुद्दों पर सोशल मीडिया पर अक्सर एक्टिव रहते हैं। उन्हें डेपुटेशन पर जम्मू-कश्मीर में भेजकर अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्र ने उन्हें एक साल के लिए जम्मू-कश्मीर में भेजने पर मुहर लगाई है।
गौरतलब है कि महीनेभर पहले ही पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। वह पहले नेता हैं, जिन्होंने केंद्र शासित प्रदेश का प्रभार संभाला। जम्मू-कश्मीर की मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल ने राज भवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई। सिन्हा को ग्रामीण इलाकों में लोगों से उनके जुड़ाव के लिए जाना जाता है। वहीं, मनोज सिन्हा के जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल बनने के बाद राज्य की सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। जल्दी ही उपराज्यपाल की सलाहकार परिषद का गठन कर दिया जाएगा।
- Advertisement -