- Advertisement -
मंडी। जिला में विवाहिता से मारपीट मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़िता के समर्थन में मंगलवार को महिलाएं मंडी (Mandi) शहर में सड़कों पर उतरीं। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (Janwadi Mahila Samiti) ने इस मामले में अन्य धाराएं न जोड़ने समेत अन्य मांगों की अनेदखी पर रोष रैली निकाली और महिलाओं के हकों के लिए आवाज बुलंद की। समिति ने एसपी को ज्ञापन सौंपा जबकि डीसी (DC) के माध्यम से सीएमए राज्यपाल और राज्य महिला आयोग को भी ज्ञापन भेजा। रोष रैली के दौरान महिलाओं ने पीड़िता के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की राज्य उपाध्यक्ष जैवंती का कहना है कि महिला के साथ मारपीट करने वाले आरोपी को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड किया जाए। जैवंती ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत मुकदमा होना चाहिए और उनकी जमानत रद्द कर उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पहली फरवरी को एएसपी मंडी को ज्ञापन सौंपकर चार मांगों पर गौर करने के लिए कहा था, लेकिन कुछ नहीं किया गया। ऐसे में मजबूरन महिलाओं को सड़कों पर उतरना पड़ा। उन्होंने चेताया है कि कुछ समय तक इंतजार के बाद सरकार का रूख देखा जाएगा। अनदेखी पर उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बीते 26 जनवरी को औट क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति व सास पर बेहरमी से पिटाई करने के आरोप लगाए थे। महिला के शरीर पर पिटाई के बाद के निशान का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हुआ और काफी चर्चा में रहा। सीएम जयराम ठाकुर ने इस मामले में एसपी मंडी को कार्रवाई के आदेश दिए थे। मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिन्हें कोर्ट से सशर्त जमानत पर रिहा किया गया है। अब इस मामले में महिला संगठन पीड़िता के पक्ष में उतर रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
- Advertisement -