- Advertisement -
पांवटा साहिब। विजयदशमी के अवसर पर महिलाओं ने एक अनोखी पहल की है। यहां महिलाओं के प्रति हो रही हिंसा और अपराधों के साथ युवाओं में बढ़ रहे नशे के विरोध में रैली निकाली गई। साथ ही इन कुरीतियों का पुतला दहन किया गया। जनवादी महिला समिति ने पांवटा साहिब में जागरुकता रैली निकालकर सामाजिक कुरीतियों के रावण का दहन किया। पांवटा साहिब में समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर की अगुवाई में स्थानीय के लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह से यमुना तट तक महिला हिंसा, नशा और महंगाई के विरोध में एक रोष व जागरुकता रैली निकाली।
यह रैली एसडीएम कोर्ट चौक व पुलिस थाना से होते हुए शमशानघाट तक पहुंची, जिसके बाद श्मशान घाट के पास के मैदान में सामाजिक कुरीतियों के स्वरूप रावण के पुतले का दहन किया गया। इस मौके पर समिति की राज्य अध्यक्ष संतोष कपूर ने कहा कि पांवटा साहिब में विजयादशमी के दिन एक नई शुरुआत की गई है। जब तक हम समाज में व्याप्त इन बुराइयों का खात्मा नहीं करते तब तक रावण के पुतले को जलाना कोई मायने नहीं रखता।
समाज में बढ़ रही सांप्रदायिक हिंसा में सर्वाधिक प्रभावित होने वाली महिलाएं और नादान बच्चे ही होते हैं। पहले के मुकाबले अब सरकार की महिलाओं और बच्चों को रोजगार देने की नीतियां असफल साबित होती जा रही है, जिसके फलस्वरूप समूचे भारत में महिलाओं और कन्याओं की भ्रूण हत्या और प्रताड़ना इस वक्त चरम सीमा पर है।
- Advertisement -